Category: उत्तरप्रदेश

  • हाई कोर्ट का सख्त रुख: नेहा सिंह राठौर को राहत देने से इनकार, PM मोदी पर टिप्पणी को लेकर अदालत ने दिए कड़े निर्देश

    हाई कोर्ट का सख्त रुख: नेहा सिंह राठौर को राहत देने से इनकार, PM मोदी पर टिप्पणी को लेकर अदालत ने दिए कड़े निर्देश

    भोजपुरी लोक गायिका नेहा सिंह राठौर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चल रहे केस में इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच से शुक्रवार को बड़ा झटका लगा है. न्यायमूर्ति बृज राज सिंह की एकल पीठ ने उनकी अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी. कोर्ट ने साफ कहा कि नेहा के खिलाफ लगे आरोप पहली नजर में संज्ञेय अपराध की श्रेणी में आते हैं और पुलिस को पूरी जांच करने का हक है.

    कोर्ट ने यह भी टिप्पणी की कि उनका विवादित पोस्ट जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले के ठीक बाद किया गया था, जिसका समय बेहद संवेदनशील था. गौरतलब है कि इसी साल अप्रैल में लखनऊ की हजरतगंज कोतवाली में नेहा के खिलाफ FIR दर्ज हुई थी.

    क्या किया था पोस्ट?

    नेहा सिंह राठौर पर आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा था कि पहलगाम हमले के बाद मोदी जी बिहार आए ताकि पाकिस्तान को धमकाएं और राष्ट्रवाद के नाम पर वोट बटोर सकें. उन्होंने आगे लिखा कि आतंकियों को ढूंढने और अपनी गलती मानने के बजाय बीजेपी देश को युद्ध की तरफ धकेल रही है.

    इन पोस्ट्स को प्रधानमंत्री का अपमान और देश में नफरत फैलाने वाला माना गया. इससे पहले 19 सितंबर को हाईकोर्ट की खंडपीठ ने भी नेहा की उस याचिका को खारिज कर दिया था, जिसमें उन्होंने पूरी FIR ही रद्द करने की मांग की थी. कोर्ट ने तब कहा था कि आरोप गंभीर हैं और नेहा को जांच में पूरा सहयोग करना होगा.

    शासकीय अधिवक्ता डा. वीके सिंह ने कोर्ट में पक्ष रखा कि नेहा बार-बार समन के बावजूद जांच में सहयोग नहीं कर रही हैं, इसलिए अग्रिम जमानत नहीं दी जा सकती. अब अग्रिम जमानत खारिज होने के बाद नेहा सिंह राठौर के लिए गिरफ्तारी का खतरा बढ़ गया है. उनके वकील अगला कदम सुप्रीम कोर्ट जाने पर विचार कर रहे हैं. यह मामला एक बार फिर अभिव्यक्ति की आजादी बनाम राष्ट्रीय सुरक्षा और सम्मान के बीच चल रही बहस को गरमा दिया है.

  • उत्तर प्रदेश में नौकरियों की बहार! 44,000 से अधिक सरकारी नौकरियां जल्द, आवेदन की प्रक्रिया और ज़रूरी योग्यता जानें

    उत्तर प्रदेश में नौकरियों की बहार! 44,000 से अधिक सरकारी नौकरियां जल्द, आवेदन की प्रक्रिया और ज़रूरी योग्यता जानें

    UP Govt Jobs 2025: यूपी में जल्द ही बंपर सरकारी नौकरियां निकलने वाली हैं. ये वैकेंसी यूपी अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से निकाली जाएगी. इसमें लेखपाल, तकनीकी सेवा और जूनियर असिस्टेंट सहित कई पोस्ट हैं. इसके लिए आयोग जल्द ही डिटेल नोटिफिकेशन जारी कर सकता है. अप्लाई आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन मोड में करना होगा. आइए जानते हैं कि इस वैकेंसी के लिए कौन अप्लाई कर सकते हैं.

    यूपी पीईटी 2025 परीक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया गया है. नतीजे कल, 5 दिसंबर को जारी किए गए. इस परीक्षा का आयोजन ग्रुप ‘बी’ और ग्रुप ‘सी’ के पदों पर भर्तियों के लिए योग्यता के रूप में किया जाता है. एग्जाम राज्य भर में निर्धारित विभिन्न केंद्रों पर 6 और 7 सितंबर 2025 को किया गया था. परीक्षा राज्य भर के लाखों अभ्यर्थी शामिल हुए थे. एग्जाम में सफल अभ्यर्थी आयोग की ओर से निकाली जाने वाली 44 हजार से अधिक वैकेंसी के लिए अप्लाई कर सकेंगे.

    UPSSSC PET Result 2025 How to Check: कैसे चेक करें यूपी पीईटी रिजल्ट 2025?

    • यूपीएसएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाएं.
    • होम पेज पर दिए गए यूपी पीईटी रिजल्ट 2025 के लिंक पर क्लिक करें.
    • अब रजिस्ट्रेशन नंबर आदि मांगी गई जानकारी को दर्ज कर सबमिट करें.
    • स्कोरकार्ड आपकी स्क्रीन पर आ जाएगा.
    • अब चेक करें और प्रिंट निकाल लें.

    UP Sarkari Naukri 2025: जल्द आएंगी 44 हजार से अधिक नौकरियां

    पीईटी के जरिए आयोग 44 हजार से अधिक पोस्ट के लिए जल्द ही वैकेंसी निकालेगा. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार आयोग ने 44778 पदों पर भर्तियों का प्रस्ताव शासन को भेजा है. इन पदों में लेखपाल के 7994, तकनीकी सेवा के 5431, जूनियर असिस्टेंट के 4582, अधिशाषी अधिकारी के कुल 320 पोस्ट के लिए आयोग को प्रस्ताव मिला है. वहीं मत्स्य अधिकारी के 105, फार्मासिस्ट के 397स कंपाउंडर के 560 आबकारी कांस्टेबल के 564 सहित कई पद 44 हजार से अधिक की वैकेंसी में शामिल हैं. इन पदों के लिए पीईटी 2025 परीक्षा पास कर चुके अभ्यर्थी ही आवेदन के योग्य होंगे.

  • मेरठ में दिल दहला देने वाली घटना: ‘तूने मेरे पिता को गाली कैसे दी थी?’ कहकर जीजा ने साले को बुलाया, सीने में गोली मारकर की हत्या

    मेरठ में दिल दहला देने वाली घटना: ‘तूने मेरे पिता को गाली कैसे दी थी?’ कहकर जीजा ने साले को बुलाया, सीने में गोली मारकर की हत्या

    उत्तर प्रदेश के मेरठ में सदर बाजार क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक युवक ने अपने साले की उसकी मां के सामने ही गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक केशव सोनकर (23) एलएलबी का छात्र था. पुलिस ने मुख्य आरोपी जीजा अंश और उसके साथी आयुष को गिरफ्तार कर लिया है और उनके कब्जे से तमंचा व स्कूटी बरामद की है.

    वेस्टर्न रोड निवासी राधेश्याम सोनकर एमडीए में कर्मचारी हैं. उनका बेटा केशव एलएलबी स्टूडेंट था. राधेश्याम की बेटी टीना ने जनवरी 2025 में फाजलपुर निवासी अंश से कोर्ट मैरिज की थी. परिवार इस विवाह के खिलाफ था और राधेश्याम ने उस समय अपहरण का केस भी दर्ज कराया था. करीब तीन माह पहले टीना को उसके परिजन घर वापस ले आए थे, जिसके बाद उसका अंश से संपर्क टूट गया. इसी बात को लेकर पिछले कुछ दिनों से दोनों परिवारों के बीच तनाव बढ़ रहा था. परिजनों का आरोप है कि तीन दिन पहले अंश और उसके साथियों ने केशव को हत्या की धमकी दी थी.

    सीने में मारी गोली

    गुरुवार देर रात अंश ने फोन कर केशव को घर के बाहर बुलाया. जैसे ही केशव बाहर आया, अंश अपने साथियों के साथ पहले से मौजूद था. केशव की मां सोनू भी पीछे-पीछे बाहर आ गईं. आरोप है कि बहस के दौरान अंश ने अचानक तमंचा निकालकर केशव के सीने में गोली मार दी. घायल अवस्था में उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. राधेश्याम सोनकर की तहरीर पर अंश, उसके चचेरे भाई हर्ष, आयुष, छोटू और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया.

    घटना की खबर फैलते ही माहौल गरम हो गया. शुक्रवार को केशव के परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में फाजलपुर स्थित आरोपियों के घर पहुंच गए. भीड़ ने वहां खड़ी बाइकों और वाहनों में तोड़फोड़ की और कुछ को आग लगाने की कोशिश भी की. घर बंद मिलने पर लोगों ने आरोपियों को भीड़ के हवाले करने की मांग की. टीपीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया. भीड़ ने आरोप लगाया कि पुलिस आरोपियों को बचाने में जुटी है और बुलडोजर कार्रवाई की मांग की. इसके बाद परिजनों ने वेस्टर्न रोड पर जाम लगा दिया, जो लगभग एक घंटे बाद खोला जा सका.

    परिजन यह भी आरोप लगा रहे हैं कि तीन माह पूर्व अंश और उसके साथियों ने तमंचा दिखाकर धमकी दी थी और इसकी शिकायत सदर पुलिस थाने में दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. केशव की दादी लक्ष्मी ने चारों आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और कहा कि परिवार को न्याय चाहिए.

    क्या बोले एसएसपी?

    एसएसपी मेरठ डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि मुख्य आरोपी अंश और आयुष को गिरफ्तार कर लिया गया है. अंश ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने केशव द्वारा पिता को गालियां देने और पत्नी टीना से जुड़े विवाद के चलते गोली चलाई. वहीं घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.